विश्व शौचालय दिवस पर जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित, स्वच्छता की ओर सामूहिक प्रतिबद्धता

खूंटी, 19 नवंबर : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), खूंटी के अंतर्गत विश्व शौचालय दिवस जिलेभर में ग्राम, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विभिन्न संस्थाओं में व्यापक रूप से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आम सभाओं, समूह चर्चाओं एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शौचालय के उपयोग और स्थायित्व पर विशेष बल दिया गया। ग्रामीणों के बीच शौचालय उपयोग, ठोस एवं तरल कचड़ा प्रबंधन तथा प्लास्टिक कचड़ा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न पंचायतों में जलसहियाओं द्वारा आइपीसी माध्यम से समुदाय को स्वच्छता व्यवहार अपनाने तथा शौचालय के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
अड़की प्रखंड के नोढ़ी, सिंदरी, पुरनानगर, सरगेया, उपरबालालौंग एवं हुंठ पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं खूंटी प्रखंड के गुटजोरा, फुदी और तिरला पंचायतों में सामुदायिक चर्चा के माध्यम से लोगों को शौचालय उपयोग के महत्व से अवगत कराया गया। मुरहू प्रखंड के बिचना, कुंजला, कोड़ाकेल, बिंदा, मुरहू, गोड़ाटोली, गनालोया, इंदिपिड़ि, रूमुतकेल तथा कुदा पंचायतों में ग्रामीणों की विशेष सहभागिता देखी गई, जहां शौचालय उपयोग पर केंद्रित विशेष सभाओं का आयोजन किया गया। कर्रा प्रखंड के कर्रा, लरता, जुरदाग, बकसपुर एवं गोबिंदपुर पंचायतों तथा तोरपा एवं रनिया प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में भी स्वच्छता के विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई।
जिले का मुख्य कार्यक्रम सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस, एसएस हाई स्कूल में आयोजित हुआ, जहां जिला समन्वयक, कनिष्ठ अभियंता एवं प्रखंड समन्वयकों की उपस्थिति में बच्चों द्वारा स्वच्छता रैली, समूह चर्चा एवं शपथ का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने विशेष रुचि दिखाते हुए खूंटी जिले को सही मायने में ओडीएफ प्लस श्रेणी में लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, जलसहिया एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने खूंटी जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श जिला बनाने और ओडीएफ प्लस लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।.



