जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, जिला परिषद उपाध्यक्ष ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, जिला परिषद उपाध्यक्ष ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कुकड़ू, 28 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन जंगली हाथी किसी न किसी क्षेत्र में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। इस दौरान जान व माल की क्षति भी हो रही है। जंगली हाथियों के झुंड ने जहां 25 दिसंबर की अहले सुबह नीमडीह प्रखंड के हुंडरु पाथरडीह के रहने वाले कोकिल सिंह को पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया वहीं, रविवार को अगले सुबह कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत लेटेमदा में एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला।

मृतक की पहचान लेटेमदा निवासी गौरांग महतो उर्फ बुका महतो के रूप में की गई है। घटना भोर के लगभग 3–4 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हुए और जंगली हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की उदासीनता पर आक्रोश जताया। ग्रामीणों में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही को लेकर भय का माहौल है और वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना की जानकारी जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को दी। सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष ने वन विभाग, चांडिल के रेंजर एवं फॉरेस्टर से संपर्क किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को नियमों के अनुरूप तत्काल मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने तथा मामले में आवश्यक अग्रतर कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

Share This Article