विधानसभा में उठे जनहित के सवालों पर सुस्ती बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन : सुरेश पासवान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति ने सरायकेला परिसदन में की विभागवार समीक्षा, अधिकारियों को अनुपालन प्रतिवेदन में अद्यतन जानकारी देने का निर्देश

सरायकेला, 04 नवंबर : झारखंड विधानसभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सवालों और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों के अनुपालन को लेकर बुधवार को सरायकेला परिसदन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। सभापति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए जनहित के सवालों को गंभीरता से लें और लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें।

बैठक में विधानसभा के सदस्यों द्वारा सदन में उठाए गए प्रश्नों के अनुपालन की विभागवार जानकारी ली गई। इस दौरान लंबित प्रश्नों, उन पर हुई कार्रवाई और निष्पादन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

सभापति सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले सवाल आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे मामलों में अधिकारियों की जवाबदेही और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि अनुपालन प्रतिवेदन में की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा अनुपालन की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने को कहा। साथ ही विधानसभा में दिए गए आश्वासनों और निर्देशों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी।

बैठक से पूर्व उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने सभापति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article