आदित्यपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह, टीएमएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम – मायके वालों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

आदित्यपुर, 04 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राममड़ैया बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान माधुरी मछुआ के रूप में हुई है। मंगलवार देर रात गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम सिंहभूम जिले की रहने वाली माधुरी मछुआ ने करीब तीन वर्ष पहले गणपत मछुआ के साथ प्रेम विवाह किया था। मायके पक्ष के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही माधुरी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए इसके पीछे की परिस्थितियों की जांच कराने की मांग की है।

इधर, मायके पक्ष की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि माधुरी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए हैं। हालांकि, उनके फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, ससुराल पक्ष की ओर से भी अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल, महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Share This Article