पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, चार लोगों के घरों की हुई तलाशी
बाघमुंडी, 12 अक्टूबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुरुलिया जिला पुलिस और जालदा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बाघमुंडी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी की। इस दौरान महुआ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला 400 लीटर घोल बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने जिल्लिंग सेरेंग गांव निवासी भारती मुर्मू, कार्तिक मुर्मू और महेश्वर मुर्मू के अलावा खरबेरा गांव निवासी लक्ष्मण पहाड़िया के घरों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान भारती मुर्मू के घर से 20 लीटर अवैध देसी शराब और शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया करीब 400 लीटर घोल बरामद हुआ। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने बरामद सामग्री को जब्त करने के साथ ही घोल को मौके पर नष्ट कर दिया।
जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार अभियान चला रही है। बाघमुंडी क्षेत्र में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



