नीमडीह में बनेगा आधुनिक सुविधाओं से लैस भव्य बस स्टैंड, जिला परिषद निधि से होगा निर्माण
नीमडीह, 19 मई : आम लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सरायकेला-खरसावां जिला परिषद निधि से नीमडीह में भव्य बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को बस स्टैंड निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने संयुक्त रूप से किया। शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि जिला परिषद निधि की राशि का उपयोग आम जनता को सीधे लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि बैठकों में उन्हीं योजनाओं का चयन किया जाता है, जो आम लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी और आवश्यक हों। उन्होंने बताया कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में गरीब एवं ग्रामीण लोगों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाजनक बस स्टैंडों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर बनने वाले बस स्टैंडों में यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था और दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।