जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पटमदा, 19 मई : पूर्वी सिंहभूम जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। उपायुक्त ने सभी मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। ज्ञापन में विशेष रूप से उन विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई, जहां अब तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं है।

भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े जलमीनार एवं चापाकलों की अविलंब मरम्मत कर सुचारू जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अतिरिक्त पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत शिलान्यास किए गए सभी सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी गई। साथ ही वर्ष 2022 में जिला परिषद क्षेत्र अंतर्गत स्थापित पुस्तकालयों का संचालन शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही गई, ताकि ग्रामीण विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सके।

ज्ञापन में बज्रपात एवं सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु होने पर पीड़ित परिवारों को देय मुआवजा राशि अविलंब उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी को देखते हुए शिक्षक प्रतिनियुक्ति करने की भी मांग की गई। समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि ग्रामीण जनता लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रही है, इसलिए प्रशासन को जनहित में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

Share This Article