चांडिल में बजरंगबली अखाड़ा का भव्य विसर्जन जुलूस, जयघोष से गूंजा शहर

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल, 29 मार्च : चांडिल स्थित हाट तोला बजरंगबली अखाड़ा द्वारा रविवार को भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया, जिसमें श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस के दौरान “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी नारों से पूरा चांडिल क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

अखाड़ा के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने पूरे जोश और उमंग के साथ जुलूस में भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। तलवारबाजी, लाठी खेल और अन्य शौर्य प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।

जुलूस अखाड़ा से शुरू होकर, चौक बाजार मेन रोड होते हुए बस स्टैंड तक गया। उसके बाद वापसी करते हुए चौक बाजार से चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल तक पहुंचा जहां विसर्जन जुलूस का समापन किया गया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस में एम्बुलेंस के साथ चिकित्सकों का टीम भी तैनात किया गया था।

प्रशासन की निगरानी में पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। भक्ति और उल्लास से सराबोर इस विसर्जन जुलूस ने पूरे चांडिल में एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और हर ओर भक्तिमय माहौल बना रहा।

Share This Article