दलमा में हाथी का आतंक, विद्यालय में घुसकर MDM का अनाज चट, संपत्ति को नुकसान

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल, 30 मार्च: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलिन गांव में बीती रात जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र से भटके एक हाथी ने तुलिन गांव स्थित नव प्राथमिक विद्यालय, परिसर में घुसकर भारी नुकसान पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना तड़के लगभग 2:50 बजे से 3:00 बजे के बीच की है, जब हाथी ने विद्यालय का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद रसोईघर में रखे मध्यान्ह भोजन (MDM) के लिए संग्रहित चावल एवं अन्य सामग्री को खा गया तथा आवश्यक अभिलेखों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।


विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस घटना से न केवल स्कूल की संपत्ति को नुकसान हुआ है, बल्कि पठन-पाठन व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है, क्योंकि हाथी के गांव में प्रवेश से किसी भी समय जान-माल का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि हाथियों के बढ़ते उत्पात पर रोक लगाई जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव हो सके। वहीं विद्यालय प्रशासन ने भी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से स्थल निरीक्षण कर उचित मुआवजा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

Share This Article