रुके विकास कार्यों को फिर मिलेगी रफ्तार, 23 फरवरी को ‘कार्पेट’ पर मुहर लगाने की अपील

जमशेदपुर, 17 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने समर्थकों के साथ मानगो बगानबस्ती, बालीगुमा, मुंशी मोहल्ला, गुरुद्वारा रोड, उलीडीह, राजेन्द्र नगर, कुंवर सिंह रोड, सुमन होटल, डिमना रोड, राजस्थान भवन, कोहिनूर टावर रोड नंबर-1, ओल्ड पुरूलिया रोड नंबर-13, मोतीमहल और जवाहरनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा कर डोर-टू-डोर संपर्क किया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए “सुधा गुप्ता जिंदाबाद” के नारे लगाए और उन्हें विजयी बनाने का संकल्प दोहराया। समर्थकों ने घर-घर जाकर जनता से 23 फरवरी को क्रम संख्या 11, ‘कार्पेट’ चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की।
पदयात्रा के क्रम में कई स्थानों पर लोगों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—कचरा निष्पादन, साफ-सफाई, पेयजल और गली-मोहल्लों की सड़कों की स्थिति—से अवगत कराया। सुधा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि मेयर बनने पर इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे राजनीति नहीं, बल्कि सेवा की भावना से चुनाव मैदान में उतरी हैं। “जनता की सेवक के तौर पर जनता के बीच रहकर काम करूंगी। जो विकास कार्य रुके हुए हैं, उन्हें फिर से गति दी जाएगी। नगर निगम की स्थापना का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचाना हमारा संकल्प है,” उन्होंने कहा।
सुधा गुप्ता ने यह भी कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि मानगो क्षेत्र में अधूरे प्रोजेक्ट पूरे हो सकें। “कचरे के स्थायी समाधान, बेहतर सफाई व्यवस्था, नियमित पानी आपूर्ति और सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता की आवाज बनकर लंबित कार्यों को पूरा कराना ही मेरा लक्ष्य है,” उन्होंने जोड़ा।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे इलाके में चुनावी उत्साह और सक्रियता देखने को मिली।



