उपायुक्त ने किया नवनिर्मित बेकरी यूनिट का उद्घाटन, ब्रेड-पाव से लेकर केक तक बनाएंगी आजीविका दीदियां
सरायकेला, 15 अक्टूबर : ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में सरायकेला जिले में नई पहल की गई है। सरायकेला प्रखंड के सिनी में संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) द्वारा संचालित नवनिर्मित बेकरी यूनिट का गुरुवार को उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने उद्घाटन किया। इस यूनिट के संचालन से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 15 आजीविका दीदियां जुड़ी हैं। अब महिलाएं बेकरी उत्पाद तैयार कर अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाएंगी।
जिला प्रशासन के सहयोग और टाटा स्टील फाउंडेशन की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत स्थापित इस यूनिट का संचालन झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी महिलाएं करेंगी। शुरुआती चरण में यहां व्हाइट ब्रेड, पाव, कुकीज, टोस्ट और केक तैयार किए जाएंगे। उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर खुलेगी रिटेल शॉप
बेकरी यूनिट के उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए सिनी रेलवे स्टेशन पर रिटेल शॉप खोलने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा यूनिट परिसर में ग्राहकों के बैठने और बेकरी उत्पादों का सेवन करने के लिए डाइन-इन सुविधा विकसित करने की भी तैयारी है। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर जिला परिषद से वित्तीय सहयोग प्राप्त करने की दिशा में पहल की जाएगी।
महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़ना समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके कौशल विकास और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं से आजीविका दीदियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि बेकरी यूनिट का संचालन सुचारु रूप से हो और महिलाएं भविष्य में अपने कारोबार का विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला परिषद सदस्य, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार, डीएमएफटी के रिसर्च एसोसिएट शुभम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी और सिनी सीएलएफ से जुड़ी आजीविका दीदियां उपस्थित थीं।



