दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, मेन रोड पर फ्लैग मार्च – ड्रोन से भी निगरानी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

संवेदनशील इलाकों और विसर्जन मार्गों का किया निरीक्षण, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त

रांची, 15 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा मनाने की अपील की।

फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक निकाला गया। इस दौरान पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई।

फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और पुलिस के जवानों ने भी भाग लिया।

शहर के कोतवाली, हिंदपीढ़ी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने की कोशिशों पर नजर रखी जा रही है।

रांची पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में मनाने, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह भी किया है।

Share This Article