
पटमदा की तीन विकास परियोजनाओं की शिकायत पर उपायुक्त ने लिया संज्ञान, विभाग को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
पटमदा, 14 अगस्त : प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में कथित अनियमितता, कार्य में देरी और अधूरे निर्माण की शिकायत पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया है। समाजसेवी विश्वनाथ महतो और यामिनी महतो द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

ज्ञापन में जोड़सा पंचायत के तुंगबुरु गांव में तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्टेडियम की गैलरी समेत कई स्थानों पर पेवर्स ब्लॉक धंस गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, डीपीआर, प्राक्कलन, माप पुस्तिका और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की भी जांच कराने की मांग की है।
वहीं, कुमीर-महुलतल क्षेत्र के खेजुरडीह नाला पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का काम लगभग चार वर्षों से अधूरा रहने का मामला भी उपायुक्त के समक्ष उठाया गया है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को जर्जर और कच्चे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलजमाव से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
इसके अलावा बेलटांड़ चौक से रघुनाथपुर चौक तक कई स्थानों पर अधूरे पड़े पीसीसी सड़क निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई है। यह मार्ग ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद ग्रामीणों में विकास कार्यों के जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की नजर संबंधित विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर है।



