लालिमा से नहाएगा आकाश : 7 सितंबर को दिखेगा साल का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण

मानभूम अपडेट्स, डेस्क : सितंबर का दूसरा सप्ताह खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए बेहद खास होने जा रहा है। 7 सितंबर की रात आकाश में एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा, जब पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा। खगोलविदों ने इसे ‘ब्लड मून’ का नाम दिया है, क्योंकि इस दौरान चंद्रमा का रंग गहरा लाल दिखाई देगा।
ग्रहण का शुभारंभ 7 सितंबर को रात 9 बजकर 58 मिनट पर होगा और यह देर रात 1 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगा। कुल 3 घंटे 28 मिनट तक आकाश में यह खगोलीय घटना देखने को मिलेगी।
ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह ग्रहण भारतवर्ष में दृश्यमान रहेगा, इसलिए सूतक काल भी मान्य होगा। पंचांग के मुताबिक, ग्रहण से 9 घंटे पूर्व सूतक प्रारंभ हो जाता है। लिहाजा 7 सितंबर को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट से ही सूतक काल प्रभावी हो जाएगा।
भारत के अलावा एशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका, फिजी द्वीप समूह और अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों में भी लोग इस चमत्कारिक दृश्य को देख पाएंगे।
खगोल और ज्योतिष दोनों के लिहाज से खास
यह चंद्र ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में लग रहा है। खगोल विज्ञानियों के लिए यह प्राकृतिक घटना है, जबकि ज्योतिषाचार्य इसे धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानते हैं।



