मोदी जी बने महगाई “मैन” चलाया जनता पर महंगाई का चाबुक : कांग्रेस
जमशेदपुर, 15 मई : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि देश की आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है, लेकिन केंद्र सरकार केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति में व्यस्त है। पेट्रोल, डीजल एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों एवं गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। रसोई से लेकर बाजार तक हर वस्तु महंगी हो चुकी है, जिसके कारण जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की बेतहाशा मूल्य वृद्धि के कारण परिवहन खर्च बढ़ा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ा है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने होटल, ढाबा, छोटे दुकानदार एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को भारी आर्थिक संकट में डाल दिया है। मोदी सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। देश की जनता आज पूछ रही है कि आखिर “अच्छे दिन” का वादा कहां गया।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध और अशांति की भयावह परिस्थितियों से गुजर रही है, लेकिन भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश की ओर से शांति स्थापित करने के लिए कोई प्रभावी नेतृत्व देखने को नहीं मिला। मोदी सरकार का योगदान नगण्य रहा है, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी भर्त्सना करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लगातार सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी और महंगाई, बेरोजगारी तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। जनता का विश्वास लगातार मोदी सरकार से उठता जा रहा है।