खरसावां में दो लोगों के अपहरण के बाद हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार — खेत में पानी विवाद बना वजह

खरसावां, 13 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खरसावां थाना में दर्ज इस मामले के अनुसार अपहरण के बाद दो लोगों की हत्या कर उनके शव को दफनाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चैतनपुर निवासी भीम सरदार (20 वर्ष), पिता ठाकुरा सरदार ने अपने माता-पिता के अपहरण की शिकायत खरसावां थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत में गांव के ही लोथो सरदार, गोन्दो सरदार और बुन्दिया सरदार पर अपहरण का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने जांच में तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत ठाकुर सरदार (46 वर्ष) और उनकी पत्नी चाँदमनी मुण्डा (41 वर्ष) के शव को रायजामा पहाड़ स्थित पुण्डीलोवा के चैतनपुर टोला के जंगल से बरामद किया गया। बताया गया कि दोनों शवों को हत्या के बाद दफनाया गया था।
तीनों गिरफ्तार आरोपियों — लोथो सरदार (पुत्र स्व. बुधन सरदार), गोन्दो सरदार (पुत्र स्व. मंगल सरदार) और बुन्दिया सरदार (पुत्र स्व. चाड़ा सरदार), सभी निवासी चैतनपुर — ने अपने बयान में हत्या की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण खेतों में पानी जाने को लेकर हुए विवाद को बताया गया है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छापेमारी एवं जांच दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, थाना प्रभारी खरसावां गौरव कुमार, आमदा ओ०पी० प्रभारी रमन कुमार विश्वकर्मा, प्रकाश कुमार, आनन्द कुमार, नागेश्वर सिंह मुण्डा, खरसावां सेट, रिजर्व गार्ड खरसावां तथा आरक्षी ठाकुर हेम्ब्रम शामिल थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और हत्या में प्रयुक्त उपकरणों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।



