चांडिलवासियों के लिए अच्छी खबर, खुलेगा नृत्य, संगीत व गायन अकादमी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिलवासियों के लिए अच्छी खबर, खुलेगा नृत्य, संगीत व गायन अकादमी

चांडिल, 05 सितंबर : नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट, कोलकाता की इकाई नौरंगराय सूर्यादेवी नृत्य, संगीत एवं गायन अकादमी अब ग्रामांचल के युवा प्रतिभाओं को तराशने का काम करेगी। अकादमी के माध्यम से साधन-संसाधनों से लैस कर कला साधकों की प्रतिभा को उड़ान देकर उसे विश्व पटल पर लाने का काम करेगी। ट्रस्ट की ओर से चांडिल थाना के सामने पुराना शिशु मंदिर स्कूल भवन में नौरंगराय सूर्यदेवी नृत्य, संगीत एवं गायन अकादमी शुरू करने जा रहा है। अकादमी का विधिवत उदघाटन समारोह रविवार सात सितंबर को रूचाप स्थित नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शाम 5 बजे से आयोजित किया गया है।

हुनरमंद बनेंगे बच्चे

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के स्कूली बच्चों में नृत्य, संगीत और गायन सीखने की ललक धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। स्कूलों में गरमी की छुट़्टी होने पर आयोजित किए जाने वाले शिविरों में बच्चे इस क्षेत्र में बढ़-चढ़कर शामिल होने लगे हैं। वहीं क्षेत्र के शौकिया गाने-बजाने वाले भी सुरों की साधना करना चाहते हैं। लोगों में नृत्य के प्रति भी आकर्षण बढ़ा है। ऐसे में यह अकादमी चांडिलवासियों के लिए अपने हुनर को तरासने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल यहां प्रति रविवार कक्षाएं संचालित की जाएगी। जहां कुशल व अनुभवी प्रशिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देंगे।

धूमिल हो रही ग्रामीण प्रतिभाएं

साधन-संसाधन के अभाव में ग्रामांचल की प्रतिभाएं धीरे-धीरे धूमिल होती जा रही है। रंगमंच नहीं रहने के कारण लोग चाहकर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामांचलों के लोग हमेशा से नाच-गान के कद्रदान रहे हैं। पर्व-त्योहारों के अवसर पर गांव-गांव में नाटक व गीत-संगीत से जुड़े कार्यक्रम होते थे। आधुनिक युग में लोग नृत्य-संगीत में अपना कैरियर बनाने लगे हैं। अभिभावक स्वयं अपने बच्चों को नृत्य-गीत व संगीत सीखाने पहुंचा रहे हैं। ऐसे में नृत्य, संगीत व गायन अकादमी क्षेत्र के लोगों के लिए मंच बनेगा, जहां लोग अपनी प्रतिभा निखारने का काम करेंगे।

Share This Article