जमशेदपुर में पहली बार ‘मनस्वर’: निनाद की पहल से गूंजेगी कविता, हास्य और बीटबॉक्स

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर में पहली बार ‘मनस्वर’: निनाद की पहल से गूंजेगी कविता, हास्य और बीटबॉक्स

जमशेदपुर, 03 सितंबर : शहर की युवा प्रतिभाओं को मंच देने के लिए गठित संगठन ‘निनाद’ अपनी पहली सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में ‘मनस्वर’ नामक काव्य संध्या का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार, 7 सितंबर की संध्या 4 बजे बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित होगा।

इस विशेष संध्या में शहर के 11 युवा कवि अपनी कविताओं के जरिए समाज, जीवन और भावनाओं की विविध परतों को श्रोताओं के सामने रखेंगे। आयोजन को लेकर युवाओं और साहित्य प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

‘मनस्वर’ का उद्घाटन पूर्व विधायक एवं झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, तुलसी भवन के मानद महासचिव प्रसेनजीत तिवारी, साहित्यकार दिव्येन्दु त्रिपाठी और रेडियो जॉकी मनोज करेंगे।

कविता-पाठ के अलावा कार्यक्रम में दो अलग विधाओं की प्रस्तुति भी होगी। चंद्रमोहन सोरेन उर्फ The Dark Voice की बीटबॉक्सिंग तथा जय कुमार शाही की हास्य प्रस्तुति।

निनाद की संस्थापक पूनम महानंद और सह-संस्थापक निशांत सिंह का कहना है कि “मनस्वर सिर्फ एक साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की अभिव्यक्ति और सृजनशीलता को आगे बढ़ाने का माध्यम है।”

कार्यक्रम का संचालन पूनम महानंद करेंगी, वहीं निशांत सिंह समेत सभी युवा कवि मंच पर अपनी रचनाएँ प्रस्तुत करेंगे।

सह-संस्थापक निशांत सिंह को शहर की युवा कवि-प्रतिभा के रूप में जाना जाता है। उन्हें अहिल्याबाई देवी होल्कर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी कविताओं ने न सिर्फ स्थानीय स्कूल-कॉलेजों बल्कि कई बड़े मंचों पर भी सराहना बटोरी है। रेडियो सिटी और विभिन्न इवेंट्स के जरिए भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।

साहित्य और कला से जुड़े लोगों का मानना है कि यह आयोजन जमशेदपुर के सांस्कृतिक माहौल में नई ऊर्जा का संचार करेगा और युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Share This Article