गणतंत्र दिवस परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का उपायुक्त व एसपी ने किया निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गणतंत्र दिवस परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का उपायुक्त व एसपी ने किया निरीक्षण

सरायकेला, 24 जनवरी : गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को आयोजित होने वाली मुख्य परेड को लेकर शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास का निरीक्षण उपायुक्त नितीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने संयुक्त रूप से किया।

अंतिम पूर्वाभ्यास में कुल नौ प्लाटूनों ने भाग लिया। इसमें केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 134वीं बटालियन की एक टुकड़ी, सशस्त्र सीमा बल (रांची) की एक टुकड़ी, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), गृह रक्षक सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्र टुकड़ियां शामिल रहीं। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला एवं राजनगर की छात्राओं ने बैंड पार्टी के रूप में सहभागिता निभाई। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड समादेशक परिचारी प्रवर सिल्वेस्टर वां एवं द्वितीय परेड समादेशक परिचारी प्रवर उत्तम महथा ने किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी टुकड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन संविधान के महत्व और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने आमजनों से कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण वातावरण में देखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने परेड में शामिल सभी अधिकारियों, जवानों एवं प्रतिभागियों से अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article