4 जनवरी को डिमना से साकची तक भव्य डहरे टुसु परब, तैयारी बैठक सम्पन्न

जमशेदपुर, 30 नवंबर : बृहद झारखंड की सांस्कृतिक पहचान डहरे टुसु परब का आयोजन इस वर्ष 4 जनवरी 2026 को डिमना से साकची आमबागान मैदान तक किया जाएगा। परब की तैयारियों को लेकर करम आँखड़ा कमिटी, बालिगुमा में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता शहीद रघुनाथ महतो के वंशज भूपेन हिन्दोयार ने की।
बैठक में परब को और अधिक भव्य स्वरूप देने पर सहमति बनी तथा बृहद झारखंड क्षेत्र से भारी जनभागीदारी की संभावना जताई गई। आयोजकों के अनुसार इस बार 13 महीने–13 परब की विशेष झांकी, छौ नृत्य प्रस्तुति, 1000 धोमसा वादकों और 2000 पीली साड़ी पहनी महिलाओं की सांस्कृतिक टीम मुख्य आकर्षण रहेंगे।
बैठक में असित काडुआर, नेपाल महतो, सुधांशु महतो, निर्मल महतो, दिलीप महतो, काकोली महतो सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी सांस्कृतिक दलों और आम जनता से परब की सफलता हेतु सहयोग की अपील की है।



