चांडिल में सरकारी शराब दुकान हटाने की मांग तेज, महिलाओं ने फिर किया धरना प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल में सरकारी शराब दुकान हटाने की मांग तेज, महिलाओं ने फिर किया धरना प्रदर्शन

चांडिल, 08 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम स्थित सरकारी शराब दुकान को हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और ग्रामीण दुकान के सामने जमा हुए और दरी बिछाकर धरना पर बैठ गए।

धरनारत महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जहां मंदिर और स्कूल भी पास में हैं। इस वजह से स्थानीय लोग लगातार परेशानी महसूस कर रहे हैं। उनका साफ कहना है कि शराब दुकान को डैम रोड से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 1 सितंबर को भी स्थानीय लोगों ने इसी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था। तब प्रशासन ने लोगों से एक सप्ताह का समय मांगा था और कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन सप्ताह बीतने के बाद भी शराब दुकान को नहीं हटाया गया, जिसके चलते महिलाओं और ग्रामीणों ने फिर से आंदोलन शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन लोगों की आवाज़ को कितनी गंभीरता से लेता है।

Share This Article