अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए जिले में चलाया जाएगा प्री कल्टीवेशन ड्राइव

Manbhum Updates
2 Min Read

अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए जिले में चलाया जाएगा प्री कल्टीवेशन ड्राइव


सरायकेला, 11 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा वर्तमान फसलीय वर्ष में जिलांतर्गत अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करने के लिए प्री कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान जिला पुलिस द्वारा विभिन्न माध्यमों से अफीम की अवैध खेती की रोकथाम तथा वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने हेतु आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसकी शुरूआत गुरुवार से हो गई है।

इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया गया। जिला पुलिस ने विगत फसलीय वर्ष-2024-25 में कुल 678.96 एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया था। जिला के कुचाई, खरसावां, कांड्रा, चौका और ईचागढ़ थाना क्षेत्र अफीम की अवैध खेती से प्रभावित है। अभियान के दौरान जिला पुलिस द्वारा इन प्रभावित गांवों में जागरूकता पर विशेष बल दिया जाएगा।

इस अभियान के तहत गुरुवार को कुचाई थाना के दलभंगा ओपी अंतर्गत ग्राम सियाडीह, गिलुआ एवं रोलाहातु के लोगों एवं रोलाहातु स्कूल में विद्यार्थियों को, खरसावां थाना अंतर्गत साप्ताहिक बाजार खरसावां में, ईचागढ़ थाना अंतर्गत ग्राम टीकर में और चौका थाना अंतर्गत ग्राम बलीडीह में अभियान चलाया गया। इस दौरान अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध संबंधित विषय पर लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस अभियान के तहत सितंबर माह के द्वितीय सप्ताह से ही संबंधित थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, वन विभाग के कर्मी, कृषि विभाग के कर्मी एवं अन्य विभाग के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावित पंचायतों में पंचायतवार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक सप्ताह पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के स्तर से अफीम की अवैध खेती नहीं करने के लिए शपथ लेने तथा जागरूकता हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा, मुखिया, ग्राम प्रधान आदि के साथ नियमित वैठक की जाएगी।

Share This Article