नीमडीह थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्त के विरुद्ध इश्तेहार तामील
नीमडीह, 10 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना पुलिस ने मंगलवार को थाना कांड संख्या 45/2025 के मुख्य अभियुक्त सर्वेश्वर महतो के विरुद्ध माननीय न्यायालय से निर्गत इश्तेहार अधिपत्र की तामिला की।
मामला 13 अगस्त 2025 का है, जिसमें नीमडीह थाना के कल्याणपुर गांव के टोला तिलाईटाँड़ निवासी सर्वेश्वर महतो को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। उस पर भारतीय न्याय संहिता BNS-2023 की धारा 64(1), 63, 76, 333 और 118(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
बुधवार शाम को पुलिस दल ने न्यायालय से जारी इश्तेहार अधिपत्र को ढोल-डुगडुगी बजाते हुए विधिवत तरीके से अभियुक्त के घर जाकर तामील किया। इस दौरान इश्तेहार की प्रति मुख्य दरवाजे पर चिपकाई गई, ताकि ग्रामीणों और परिजनों को इसकी औपचारिक जानकारी हो सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा है और बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। ऐसे में न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि यदि अभियुक्त शीघ्र ही न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं होता है तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे अभियुक्त के बारे में कोई सूचना मिलने पर तुरंत थाना पुलिस को अवगत कराएं।
इस कार्रवाई के दौरान नीमडीह थाना के पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।