चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता वाहन पहुंचा चांडिल, दी कानूनी जानकारी

चांडिल, 09 दिसंबर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल प्रखंड में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता वाहन को प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेश्वर रबिदास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
वाहन के माध्यम से कटिया ग्राम में ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पैनल अधिवक्ता संजय साह ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चलंत लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों का त्वरित और सुलभ निपटारा करना है। साथ ही नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति कानूनी रूप से जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट शिशु के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना, डालसा के माध्यम से गरीब एवं वंचित वर्ग को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तथा बाल श्रम, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिकार मित्र मो रमजान अंसारी, भूपेन चंद्र महतो, राजकुमार महतो, बिष्णु महतो, नेहा कुमारी, वंदना महतो, शबनम खातून सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



