ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा टला, गिट्टी लदा हाइवा पलटा; चालक सुरक्षित

चांडिल, 09 दिसंबर : टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब गिट्टी लदा एक हाइवा अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में हाइवा का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
सड़क पर हाइवा पलटने और उसमें लदा गिट्टी गिरने के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया था। कुछ भी देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। बताया जा रहा है कि हाइवा का आगे का टायर फटने के कारण चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया जिसके कारण वाहन पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ओवरब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया। पुलिस ने जेसीबी और मजदूरों की मदद से सड़क से गिट्टी हटाने का कार्य शुरू कराया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात पूरी तरह बहाल हो गया। इसके बाद पुलिस ने हाइड्रा की मदद से सड़क पर पलते हाइवा को उठाकर किनारे लगाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



