संविधान लागू होने के 75वें वर्ष पर जिला प्रशासन ने गरिमामय ढंग से मनाया संविधान दिवस

सरायकेला, 26 नवंबर : भारतीय संविधान के लागू होने के 75वें वर्ष यानी प्लैटिनम जुबिली वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले में संविधान दिवस गरिमामय तथा शासकीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन से हुई। उपायुक्त के नेतृत्व में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान सिर्फ एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक मर्यादाओं की आधारशिला है। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों को शासन-प्रशासन की हर प्रक्रिया में लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस को मात्र औपचारिक आयोजन न मानकर इसे श्रेष्ठ प्रशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा-भाव के नव-संकल्प दिवस के रूप में आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम का समापन संविधान में निहित आदर्शों के अनुरूप कर्तव्यपालन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
उपायुक्त के निर्देशानुसार संविधान दिवस पर जिले के सभी अनुमंडल एवं प्रखंड कार्यालय, अन्य जिला स्तरीय कार्यालय और शैक्षणिक संस्थानों में भी प्रस्तावना वाचन, शपथ-ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा व कर्तव्यपालन का संकल्प व्यक्त किया।



