कुकड़ू में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

कुकड़ू, 12 जनवरी : तिरुलडीह थाना अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के पास सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क पर चलने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि मौके पर लोगों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।



