आदर्श ग्राम बांगुड़दा के उज्ज्वल कुमार रक्षा राज्य मंत्री के निजी सचिव नियुक्त

पटमदा, 04दिसंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के बांगुड़दा आदर्श ग्राम निवासी उज्ज्वल कुमार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का निजी सचिव (पीएस) नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमिटी (ACC) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
उज्ज्वल कुमार वर्तमान में राज्यसभा सचिवालय की विधायी, वित्तीय, कार्यकारी एवं प्रशासनिक सेवा (2005 बैच) में उप सचिव के पद पर कार्यरत हैं। यह नियुक्ति आईआरटीएस अधिकारी सुशील गायकवाड़ के प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने के बाद की गई है। उनकी जगह अब उज्ज्वल कुमार रक्षा मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी स्तर पर दायित्व संभालेंगे। उनका कार्यकाल 9 अक्टूबर 2028 तक या फिर अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
केंद्र में मंत्री के निजी सचिव के रूप में नियुक्त होने वाले झारखंड के यह दूसरे अधिकारी हैं। इससे पहले जमशेदपुर के पूर्व उपायुक्त और आईएएस अधिकारी अमित कुमार जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव के निजी सचिव के रूप में पदस्थापित हैं। उज्ज्वल कुमार की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।



