रक्षा बंधन पर पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी का अनोखा तोहफ़ा, बहन को दी आत्मनिर्भरता की सौगात

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

रक्षा बंधन पर पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी का अनोखा तोहफ़ा, बहन को दी आत्मनिर्भरता की सौगात

जमशेदपुर, 9 अगस्त  : रक्षा बंधन के पावन अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने भाई-बहन के रिश्ते की मिसाल पेश करते हुए एक प्रेरणादायक पहल की।

नामया स्माइल फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य मंटू प्रमाणिक से मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी छोटी बहन किरण कुमारी—जो अभावग्रस्त परिस्थितियों में कठिन परिश्रम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं—को तोहफ़े के रूप में सिलाई मशीन भेंट की।

किरण कुमारी लंबे समय से आजीविका चलाने में संघर्षरत थीं। इस पहल से उन्हें न केवल काम में नई गति मिलेगी, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा सहारा मिलेगा।

इस मौके पर कुणाल षाडंगी ने कहा— “रक्षा बंधन सिर्फ राखी बांधने का त्यौहार नहीं, बल्कि बहन की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य को संवारने का संकल्प है। मेरा प्रयास है कि हर बहन अपने पैरों पर खड़ी हो और किसी पर निर्भर न रहे।”

कार्यक्रम में झामुमो युवा मोर्चा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष अंकित सिंह, युवा नेता अभिषेक मोहंती, कपिल रजक और सोनू तिवारी भी मौजूद रहे।

Share This Article