सड़क दुर्घटनाओं पर रोक को लेकर चला विशेष जागरूकता अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सड़क दुर्घटनाओं पर रोक को लेकर चला विशेष जागरूकता अभियान

चांडिल, 10 जनवरी : पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से 1 से 31 जनवरी 2026 तक विशेष सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई, वहीं वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस कर्मियों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान चौका मोड में यातायात पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनुपालन करने के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर दो पहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट का भी वितरण किया गया।

पुलिस ने आमजन को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचकर सुरक्षित जीवन जिया जा सके।

Share This Article