चांडिल : टाटा हाइवे होटल पर नकाबपोशों का तांडव, फायरिंग से दहशत—CCTV फुटेज ने खोली गुंडों की पोल

चांडिल, 21 नवंबर : गुरुवार देर रात टाटा हाइवे होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक 8–10 की संख्या में बदमाश होटल में घुस आए और माहौल को दहला दिया। बताया गया कि गुंडों ने होटल मालिक रंजीत कुमार को बुरी तरह धमकाया और दो राउंड फायरिंग कर पूरे क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की। हमलावर होटल संचालक को हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के कुछ ही समय बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें हमलावरों की बेखौफ दबंगई साफ नजर आ रही है।
तुरंत हरकत में आई पुलिस
सूचना मिलते ही चांडिल थाना की टीम होटल पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को शक है कि यह मामला किसी पुराने विवाद या रंगदारी वसूली से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने संभावित आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
व्यापारियों में दहशत की लहर
वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र के अन्य होटल व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भय का माहौल है। कारोबारी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इधर पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन किया जाएगा।
ये है फायरिंग की वजह
होटल संचालक के अनुसार बीती रात कुछ लोग आकर कथित तौर पर किसी घटना का जिक्र करते हुए होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग कर रहे थे। इस पर होटल संचालक का कहना था कि यदि वीडियो फुटेज देखना है तो पहले घटना के संबंध में पुलिस से शिकायत करें, पुलिस स्वयं सीसीटीवी फुटेज जांच करेगी, इसपर अज्ञात बदमाशों ने होटल संचालक के साथ मारपीट कर दी। वहीं, बड़ी संख्या में हमलावरों के समर्थक जुट गए और फायरिंग कर भी की। इस घटना में होटल संचालक ने अकेले ही हमलावरों के साथ मुकाबला किया। इस दौरान पकड़ाए जाने के डर से सभी बदमाश मौके से फरार हो गया।



