बिजली-पानी की समस्या को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष भाजपा ने किया विरोध-प्रदर्शन
जमशेदपुर, 07 मई : पूर्वी सिंहभूम जिला में बिजली पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में जिला मुख्यालय के समक्ष जोरदार पदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर किए गए प्रदर्शन में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व सांसद, पूव्र विधायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता शामिल हुए। इस दौरान विधायक के साथ सभी महिलाओं ने बिजली के साथ-साथ पानी की विकराल होती समस्या को लेकर माथे पर मिट्टी की हांडी लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर उपस्थित भाजपाईयों ने राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पूरे जिला में बिजली और पानी की बड़ी समस्या उत्पन्न हो चुकी है। राज्य सरकार इस दिशा में कोई ठोस करवाई नहीं कर रही है। इलाके में बिजली की अनियमित आपूर्ति से उपभोक्ता परेशान है। मगर देखने वाला कोई नहीं है, बिजली जहां एक ओर उपभोक्ताओं को रुलाने का काम कर रहा है, वहीं पूरे जिले में पानी की समस्या अपना विकराल रूप धारण कर रहा है। पूरे जिला में लोग स्वच्छ पानी के लिए तरस रहें हैं। लोगों को काफी दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार बिजली और पानी की समस्या का समाधान जल्द नहीं निकालती है तो पार्टी आगे और भी उग्र आंदोलन करेगी।