ईचागढ़ : बालू घाटों की सामूहिक नीलामी के खिलाफ संयुक्त ग्रामसभा, एकल घाटों की मांग पर अड़े ग्रामीण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ : बालू घाटों की सामूहिक नीलामी के खिलाफ संयुक्त ग्रामसभा, एकल घाटों की मांग पर अड़े ग्रामीण

ईचागढ़, 08 सितंबर : ईचागढ़ प्रखंड के सोड़ो मौजा के जारगोडीह कॉलेज परिसर में रविवार को आयोजित संयुक्त ग्रामसभा में क्षेत्र के सात गांवों के ग्रामीणों ने बालू घाटों की सामूहिक नीलामी का जोरदार विरोध जताया। ग्राम प्रधान सह मुखिया नयन सिंह मुण्डा की अध्यक्षता में हुई इस सभा में सोड़ो, जारगोडीह, बामुनडीह, गोविंदपुर, सपादा, बिरडीह और बालीडीह के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सभा में ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि सरकार बालू घाटों को एक ग्रुप बनाकर नीलाम करने की तैयारी कर रही है, जिससे केवल बड़े पूंजीपति ही भाग ले पाएंगे। जबकि स्थानीय मध्यमवर्गीय लोग इस प्रक्रिया से पूरी तरह बाहर हो जाएंगे। ग्रामीणों ने मांग रखी कि बालू घाटों की नीलामी एकल घाटों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर भी लोग भागीदारी कर सकें।

ग्राम प्रधानों ने कहा कि पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र में ग्रामसभा को दरकिनार कर नीलामी करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पहले भी एकल घाटों की नीलामी के लिए ग्रामसभा आयोजित की गई थी, लेकिन अब विभाग द्वारा सभी घाटों को एक साथ जोड़कर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की साजिश रची जा रही है।

संयुक्त ग्रामसभा में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि विभाग ने मनमानी ढंग से नीलामी की तो ग्रामीण उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

सभा में ग्राम प्रधान नयन सिंह मुण्डा, शिशुपाल सिंह मुण्डा, सुधीर सिंह मुण्डा, राजेन सिंह मुण्डा, शिवराम महतो, बरुण सिंह मुण्डा, बरुण महतो, भोलानाथ महतो, पंचानन पातर, सुबोध राय और दिलीप महतो सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Share This Article