जिला नियंत्रण कक्ष का प्रमंडलीय आयुक्त ने किया निरीक्षण, मतदान प्रक्रिया पर रखी पैनी नजर

सरायकेला, 23 फरवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी, त्वरित सूचना संकलन तथा विधि-व्यवस्था के समन्वय को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभागार में स्थापित जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत तथा कपाली नगर परिषद क्षेत्रों में संचालित मतदान प्रक्रिया, अद्यतन मतदान प्रतिशत एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नगरीय निकायों से प्राप्त सूचनाओं एवं प्रतिवेदनों का समयबद्ध संकलन और सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। मतदान प्रतिशत सहित अन्य आवश्यक आंकड़ों का नियमित अद्यतन कर उच्चाधिकारियों को त्वरित रूप से प्रेषित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी सूचना पर त्वरित समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा किसी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष पूर्णतः सक्रिय और सतर्क रहे। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



