
जमशेदपुर में ‘12 साल बेमिसाल’ चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
जमशेदपुर, 23 जून : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में आयोजित ‘मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत भव्य चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय कुमार सिंह, पूर्व सांसद आभा महतो तथा भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास एवं विरासत के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साथ-साथ देश की प्राचीन आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पुनरुद्धार का कार्य किया है।
रघुवर दास ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों के माध्यम से आधुनिक भारत को उसकी प्राचीन विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, गरीबों के लिए जनधन खाते, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक एवं अन्य कठोर कदम उठाए, जिसके परिणामस्वरूप देश के कई उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में सुधार आया है। वर्ष 2047 तक विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर केंद्र सरकार कार्य कर रही है।
वहीं, सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश उनकी विचारधारा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान’ के संकल्प को मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर साकार किया।
सांसद ने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। हाल ही में भारतीय नौसेना को स्वदेशी युद्धपोत सौंपे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है और पिछले 12 वर्षों में रोजगार सृजन तथा आधारभूत संरचना के विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों को चित्रों और जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।