प्रधानमंत्री से मिले सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद एयरपोर्ट पुनर्संचालन और झारखंड विकास पर हुई चर्चा – सावित्री देवी ने पीएम को भेंट की चिटाही धाम की राखी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रधानमंत्री से मिले सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद एयरपोर्ट पुनर्संचालन और झारखंड विकास पर हुई चर्चा – सावित्री देवी ने पीएम को भेंट की चिटाही धाम की राखी

रांची/धनबाद, 07 अगस्त : संसद सत्र के दौरान धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली के पीएमओ कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने धनबाद एयरपोर्ट के पुनर्संचालन और उसके विस्तार समेत झारखंड के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रधानमंत्री से विस्तृत चर्चा की।

सांसद ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष धनबाद की जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं को पूरी गंभीरता से रखा। ढुल्लू महतो ने कहा कि धनबाद एयरपोर्ट को शीघ्र चालू करने की मांग वर्षों से लंबित है, जिससे पूरे कोयलांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने झारखंड में आधारभूत संरचनाओं, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य विकास योजनाओं पर भी चर्चा की।

सांसद महतो ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और यथाशीघ्र जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह मुलाकात काफी सकारात्मक और प्रेरणादायी रही।

प्रधानमंत्री को भेंट की गई चिटाही धाम की राखी

इस अवसर पर सांसद की धर्मपत्नी सावित्री देवी भी मौजूद रहीं। उन्होंने झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिटाही धाम की पवित्र राखी प्रधानमंत्री को भेंट की। इस भावनात्मक क्षण ने मुलाकात को और भी खास बना दिया।

सांसद ढुल्लू महतो ने प्रधानमंत्री मोदी का स्नेह और आत्मीयता के लिए आभार जताया और विश्वास जताया कि धनबाद समेत पूरे झारखंड के विकास की दिशा में यह मुलाकात एक सकारात्मक पहल साबित होगी।

Share This Article