रोजगार सृजन अभियान के तहत पंचायतों में निकली जागरूकता रैली, जॉब कार्डधारियों से मांगी गई काम की मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

15 से 28 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के चयन पर जोर

सरायकेला, 17 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस और वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की पहल तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से VB-G RAM G के तहत संचालित विशेष रोजगार सृजन अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता रैली सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के दौरान जागरूकता रैली, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार माध्यमों से ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों, रोजगार के अवसरों और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।

इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के आधार पर नई व्यक्तिगत और सामुदायिक योजनाओं के चयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई। वहीं, VB-G RAM G के तहत काम करने के इच्छुक जॉब कार्डधारी श्रमिकों से रोजगार के लिए कार्य की मांग (डिमांड) प्राप्त की गई, ताकि उनकी मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अभियान में नई योजनाओं के चयन, इच्छुक श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जिले में 15 से 28 नवंबर 2026 तक विशेष रोजगार सृजन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अधिकाधिक मानव दिवस का सृजन करना, ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप नई योजनाओं का चयन एवं स्वीकृति सुनिश्चित करना है।

Share This Article