अभिषेक भारती के समर्थन में सरायकेला के पत्रकारों का शक्ति प्रदर्शन, प्रशासन को आंदोलन का अल्टीमेटम

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

प्रेस क्लब की आपात बैठक में उठी पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की आवाज, महासचिव प्रमोद सिंह बोले– पत्रकारों को दबाने की कोशिश हुई तो सड़क पर उतरेगा पत्रकार समाज

 

सरायकेला, 17 नवंबर : पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों के सम्मान का सवाल अब सरायकेला में भी जोर पकड़ने लगा है। डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में सरायकेला खरसावां प्रेस क्लब ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। पत्रकारों के खिलाफ कथित प्रशासनिक दबाव और उत्पीड़न के विरोध में आयोजित आपातकालीन बैठक में प्रेस क्लब ने एकजुटता दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया कि किसी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर पूरा पत्रकार समाज उसके समर्थन में खड़ा होगा।

सरायकेला प्रेस क्लब की इस बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पत्रकारों ने अभिषेक भारती के प्रकरण पर गंभीर चिंता जताई। बैठक का नेतृत्व प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने किया, जबकि अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत समेत क्लब के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका केवल घटनाओं को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्ता और व्यवस्था से सवाल पूछना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे में यदि किसी पत्रकार को उसकी खबरों या पेशेवर भूमिका के कारण दबाव में लाने अथवा उसके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने की कोशिश होती है, तो यह स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि अभिषेक भारती के साथ सरायकेला प्रेस क्लब पूरी मजबूती से खड़ा है। पत्रकारिता के दौरान किसी मुद्दे को उठाना और निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाना पत्रकार का अधिकार है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को भयभीत करने, उनकी आवाज दबाने और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अभिषेक भारती के साथ किसी भी तरह की ज्यादती या अन्याय हुआ तो सरायकेला प्रेस क्लब चुप नहीं बैठेगा। आवश्यकता पड़ने पर जिले के पत्रकार एकजुट होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

बैठक के अंत में पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए सामूहिक संघर्ष का संकल्प लिया। इस बैठक से स्पष्ट संकेत मिला कि अभिषेक भारती का मामला अब केवल एक पत्रकार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता और उनके अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।

Share This Article