राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा

सरायकेला, 19 जनवरी : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सरायकेला सहित सभी अंचलाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने राजस्व संग्रहण की वार्षिक एवं मासिक प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले की वित्तीय मजबूती एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजस्व संग्रहण में वृद्धि आवश्यक है। इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय, नियमित समीक्षा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने म्यूटेशन, सीमांकन, परिशोधन एवं लगान से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रमाणपत्र संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा विद्यार्थियों और पात्र लाभुकों को योजनाओं से वंचित न होने देने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा अवैध खनन, परिवहन, विद्युत चोरी एवं अन्य अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े लंबित मुआवजा भुगतान में तेजी तथा मूल खतियान के ऑनलाइन मिलान को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Share This Article