बिजली संकट से जूझ रहे रहमत नगर के लोग – ईचागढ़ विधायक सबिता महतो को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 14 जून : कपाली नगर परिषद क्षेत्र के डांगरडीह स्थित रहमत नगर (वार्ड संख्या-16) में बिजली आपूर्ति की समस्या अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। क्षेत्र में स्थापित 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर बढ़ते बिजली भार के सामने नाकाफी साबित हो रहा है, जिसके चलते आए दिन खराबी और बाधित बिजली आपूर्ति से लोगों को जूझना पड़ रहा है।

लगातार हो रही इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर वार्ड संख्या-16 के प्रतिनिधि खगेन चंद्र महतो, मन्नान, अफसर तथा स्थानीय ग्रामीणों ने ईचागढ़ विधायक सविता महतो को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि एक ही 100 केवीए ट्रांसफार्मर से लगभग 170 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। बढ़ती आबादी और उपभोक्ताओं की संख्या के कारण ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है, जिससे वह बार-बार खराब हो रहा है और क्षेत्र में बिजली संकट गहरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति से घरेलू कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायों पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाना समय की आवश्यकता बन गई है।

ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि वर्तमान ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि क्षेत्र को स्थायी रूप से राहत मिल सके।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक सविता महतो ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग को संबंधित विभाग के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर रखा जाएगा और जल्द ही 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य पूरा होने के बाद वह स्वयं क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लेंगी।

विधायक के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी समस्या का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

Share This Article