JSSC-CGL 2023 पेपर लीक कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी अनीश कुमार पटना से गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

JSSC-CGL 2023 पेपर लीक कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी अनीश कुमार पटना से गिरफ्तार

रांची, 13 फरवरी : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित CGL-2023 परीक्षा के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में सीआईडी को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी अनीश कुमार को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की टीम ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

सीआईडी सूत्रों के अनुसार, अनीश कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद उसे रांची लाया जा रहा है, जहां न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जांच एजेंसी अनीश को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की तैयारी में है। आशंका है कि पूछताछ के दौरान पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बिचौलियों और संभावित लाभार्थियों के नामों का खुलासा हो सकता है।

गौरतलब है कि JSSC-CGL 2023 परीक्षा में पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद राज्यभर में हड़कंप मच गया था। युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी। अब तक इस प्रकरण में एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

सीआईडी पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। इस गिरफ्तारी को जांच की दिशा में अहम कड़ी माना जा रहा है।

Share This Article