छात्र अधिकार यात्रा की शुरुआत, 45 किमी पैदल चल हजारीबाग सीमा में पहुंचाJLKM का जत्था

बोकारो, 04 दिसंबर : खतियान आधारित नीति और छात्रों के अधिकारों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का आंदोलन नए तेवर में शुरू हो गया। डुमरी (बोकारो) से निकली ‘छात्र अधिकार यात्रा’ को विधायक जयराम कुमार महतो ने हरी झंडी दिखाकर आगे बढ़ाया। यात्रा 9 दिसंबर को रांची पहुंचकर विधानसभा के सामने शक्ति प्रदर्शन करेगी।
चिरैया मोड़ से विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ विधिवत आरंभ हुई यह पदयात्रा कई पड़ावों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। रवाना करने के बाद विधायक जयराम महतो सर्वदलीय बैठक के लिए रांची रवाना हो गए, जबकि यात्रा में शामिल युवाओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्ण माहौल में पहला दिन तय किया।
पूर्व लोकसभा एवं विधानसभा प्रत्याशी एवं पार्टी के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि पहले ही दिन यात्रा ने 45 किलोमीटर का सफर तय कर हजारीबाग जिले में प्रवेश कर लिया। उन्होंने कहा कि खतियान आधारित अधिकार और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं है। “यह आवाज न दबेगी, न रुकने दी जाएगी,” उन्होंने कहा।
यात्रा चिरैया मोड़, बगोदर, हरिहर धाम, चलानिया होते हुए बिशुनगढ़ पहुंची। इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो, मोतीलाल महतो, मनोज यादव, पूजा महतो, दीपक रवानी, बिहारी महतो, महेंद्र प्रसाद मंडल, लीलावती देवी, दिनेश साहू सहित कई पदाधिकारी पूरे समय मौजूद रहे।



