क्लासरूम में देसी कट्टा और गोली का वीडियो वायरल, तीन छात्रों पर निष्कासन की कार्रवाई

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

क्लासरूम में देसी कट्टा और गोली का वीडियो वायरल, तीन छात्रों पर निष्कासन की कार्रवाई

जमशेदपुर, 25 जून : जमशेदपुर स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज के एक क्लासरूम में देसी कट्टा और .315 बोर की गोली के साथ छात्रों का वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की जांच के बाद कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो में दिख रहे तीन छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें संस्थान से निष्कासित करने की अनुशंसा की है।

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ छात्र क्लासरूम के भीतर हथियार और गोली के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने इसकी आंतरिक जांच की। जांच में यह पुष्टि हुई कि वीडियो में दिख रहे छात्र कॉलेज के ही 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, हाल के दिनों में छात्रों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद एक छात्र हिमांशु कथित रूप से अपने बैग में हथियार छिपाकर कॉलेज लेकर आया था। पूछताछ के दौरान छात्र ने भी हथियार कॉलेज लाने की बात स्वीकार की है। वीडियो में हिमांशु के अलावा प्रेम और हर्ष मिश्रा नामक छात्र भी दिखाई दे रहे हैं।

कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के बाद संबंधित छात्रों के अभिभावकों को बुलाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में छात्र टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने हथियार कॉलेज लाने की बात स्वीकार कर ली। प्रबंधन का मानना है कि छात्रों ने आपसी रौब जमाने और अन्य विद्यार्थियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसा किया।

प्राचार्य ने बताया कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई है। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने वीडियो में शामिल सभी छात्रों को संस्थान से निष्कासित करने का निर्णय लिया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक देसी कट्टा और .315 बोर की एक गोली दिखाई दे रही है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में चर्चा का माहौल है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थान में अनुशासनहीनता और हथियार जैसी गंभीर गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article