कपाली क्षेत्र में लचर बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए विभाग हुआ रेस, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने वार्ड पार्षदों के साथ की बैठक
चांडिल, 07 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में लचर बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए विभाग हरकत में आ गई हैं। नगर परिषद के सभागार में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी प्रसाद महतो ने कपाली नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्ड पार्षद के साथ बैठक की। बैठक में कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर अनवर मेहंदी भी मौजूद रहे। वहीं, बैठक की अध्यक्षता कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष शवान उर्फ़ सिंटू ने की।
बैठक के दौरान सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। पार्षदों ने नए बिजली के खंभे लगाने, नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, जर्जर एवं नीचे लटक रहे तारों को बदलने तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 16 की वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो ने कार्यपालक अभियंता को बताया कि उनके वार्ड में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तीन 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर, दो 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर तथा 65 नए बिजली के खंभों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई स्थानों पर लकड़ी के बल्लों के सहारे बिजली के तार ले जाए गए हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यदि नए खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए जाते हैं तो क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
बैठक के अंत में कार्यपालक अभियंता लालजी प्रसाद महतो ने सभी वार्ड पार्षदों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी मांगों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की अधिक आवश्यकता है, वहां विभाग शीघ्र कार्रवाई करेगा।
ज्ञात हो कि सोमवार को नगर परिषद की बोर्ड की बैठक हुई थी, जहां ईचागढ़ विधायक सविता महतो के समक्ष वार्ड पार्षदों ने क्षेत्र की लचर बिजली व्यवस्था को प्रमुखता से रखा था। विधायक सविता महतो ने बोर्ड बैठक में ही अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया था। विधायक सविता महतो ने निर्देश पर बिजली विभाग सक्रिय हुई और अब कपाली क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार लाने की कवायद शुरू कर दी है।