नीमडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 81 अभ्यर्थी हुए सफल
नीमडीह, 07 जुलाई : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय द्वारा मंगलवार को नीमडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक (MVI) सहित जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में किया गया।
शिविर में पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों की लर्नर लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा का संचालन किया गया।
शिविर के लिए कुल 130 अभ्यर्थियों ने स्लॉट बुक कराया था। इनमें 81 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, 18 अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि 31 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन परिवहन विभाग की सेवाओं को आम नागरिकों तक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आवेदकों को अपने प्रखंड स्तर पर ही समयबद्ध एवं सुविधाजनक सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके।