चांडिल : सब्जी लदा बोलेरो पिकअप वैन पलटा, चालक बाल-बाल बचा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 26 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिलगु के समीप शुक्रवार शाम को सब्जी से लदा एक बोलेरो पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन चालक सुरक्षित बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो पिकअप वैन रांची से खड़गपुर के लिए बैंगन लेकर जा रहा था। इसी दौरान चिलगु के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाल ही में इस मार्ग पर नए स्थान पर डायवर्सन बनाया गया है। पुराने मार्ग से परिचित कई वाहन चालक नए डायवर्सन से अनभिज्ञ हैं। ऐसे में अचानक डायवर्सन सामने आने पर वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

वाहन चालक अरविंद गिरी ने बताया कि वह इस मार्ग पर नियमित रूप से आते-जाते हैं। सड़क का डायवर्सन हाल ही में बदले जाने के कारण वह भ्रमित हो गए। अचानक नया डायवर्सन दिखाई देने पर भारी लोड होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और पिकअप वैन पलट गई।

हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नए डायवर्सन स्थल पर स्पष्ट संकेतक (साइन बोर्ड) एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article