खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, जिम व प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन पर अहम निर्णय

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, जिम व प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन पर अहम निर्णय

सरायकेला, 27 जनवरी : समाहरणालय सभागार, सरायकेला में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की खेल अवसंरचना को मजबूत करने, खेल सुविधाओं के बेहतर संचालन तथा खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला की गैलरियों से प्राप्त राजस्व के उपयोग पर विचार किया गया। इसके अंतर्गत स्टेडियम परिसर स्थित जिम के संचालन, पंजीकरण व्यवस्था, मासिक व वार्षिक शुल्क निर्धारण, जिम ट्रेनर की बहाली, सुरक्षाकर्मी एवं सफाईकर्मी की व्यवस्था सहित प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था तथा मैदान रख-रखाव से जुड़े कार्यों पर निर्णय लिए गए।

इसके अलावा इंडोर स्टेडियम, सरायकेला के संचालन, खिलाड़ियों के खेलने के समय एवं न्यूनतम शुल्क निर्धारण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। खरसावां स्थित आवासीय अर्जुना फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र एवं दुगनी स्थित आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण अकादमी की वर्तमान स्थिति, मरम्मति एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विचार किया गया।

बैठक में प्रशिक्षण केंद्रों की मैदान एवं साफ-सफाई व्यवस्था को कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद के तहत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से कराने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में दुगनी स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था रामकृष्ण फोर्जिंग तथा खरसावां स्थित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की मैदान व्यवस्था श्री सीमेंट संस्थान के माध्यम से कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की खेल सुविधाओं का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा खिलाड़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी निर्णयों का समयबद्ध व नियम संगत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Share This Article