बाकुड़ा–पुरुलिया (हुड़ा होते हुए) नई रेल लाइन निर्माण को मिली स्वीकृति

क्षेत्र की कनेक्टिविटी, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पुरुलिया, 27 जनवरी : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के लिए रेल अवसंरचना के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्र सरकार ने बाकुड़ा (कालावती) से हुड़ा होते हुए पुरुलिया तक नई रेल लाइन के निर्माण कार्य को प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस आशय की आधिकारिक सूचना केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को भेजे गए पत्र के माध्यम से प्राप्त हुई है।
यह रेल लाइन लंबे समय से पुरुलिया क्षेत्र के लोगों की मांग रही है, जो अब साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रस्तावित रेल लाइन से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, जिससे व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा समय में भी कमी आएगी।
पुरुलिया के सांसद ज्योतिमय सिंह महतो ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में आकांक्षी और पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पश्चिम बंगाल में रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी रेलवे नीति को दर्शाती है, जिसके तहत पुरुलिया जैसे क्षेत्रों को नई सौगातें मिल रही हैं। सांसद कार्यालय ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी पुरुलिया के लिए अधिक से अधिक विकास परियोजनाएं लाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।



