राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कांड्रा टोल प्लाजा पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

कांड्रा, 27 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत मंगलवार को टाटा–सरायकेला मार्ग स्थित कांड्रा टोल प्लाजा पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के दिशा-निर्देश में किया गया।
शिविर का उद्देश्य सड़क उपयोगकर्ताओं, वाहन चालकों एवं टोल प्लाजा कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक करना था, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर 70 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में डॉक्टरों की टीम, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई), सरायकेला तथा रोड सेफ्टी टीम की सक्रिय सहभागिता रही। जांच के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ-साथ सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ चालक और जागरूक नागरिक ही सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था की नींव होते हैं। ऐसे आयोजनों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।



