जिला टॉपर अनुपम लाहा को उच्च शिक्षा के लिए हरेलाल महतो ने दी आर्थिक सहायता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिला टॉपर अनुपम लाहा को उच्च शिक्षा के लिए हरेलाल महतो ने दी आर्थिक सहायता

कुकड़ू, 20 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के सुदूरवर्ती कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह गांव निवासी छात्र अनुपम लाहा ने झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट विज्ञान परीक्षा में 459 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बन पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अनुपम की इस शानदार उपलब्धि पर ‘जनसेवा ही लक्ष्य’ के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो बुधवार को उनके आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने अनुपम लाहा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई और नामांकन में सहयोग के उद्देश्य से आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने अनुपम के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद इतनी बड़ी सफलता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मौके पर उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और लगन के बल पर अनुपम ने यह मुकाम हासिल किया है।

हरेलाल महतो ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है और अनुपम की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए अनुपम लाहा को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो वे हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। वहीं, अनुपम लाहा ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना रक्षा सेवा में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का है।

Share This Article